कोरबा। पर्यावरण संरक्षण और हरित कोरबा के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन कोरबा द्वारा ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत ‘रन फॉर ग्रीन’ कार्यक्रम का आयोजन 18 जुलाई 2026 (शनिवार) सुबह 7 बजे ओपन थिएटर, घंटाघर कोरबा में किया जाएगा।
इस आयोजन का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना तथा स्वच्छ और हरित कोरबा के निर्माण में जनसहभागिता सुनिश्चित करना है। मैराथन के समापन के बाद प्रतिभागियों द्वारा वृक्षारोपण और स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा।
किरण पिस्दा बढ़ाएंगी प्रतिभागियों का उत्साह
कार्यक्रम में भारतीय महिला फुटबॉल टीम की खिलाड़ी एवं खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में छत्तीसगढ़ की विजेता टीम की कप्तान किरण पिस्दा विशेष आकर्षण के रूप में शामिल होंगी। वह प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करेंगी।
50 हजार रुपये से अधिक के पुरस्कार
मैराथन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को 50 हजार रुपये से अधिक की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
ये जनप्रतिनिधि होंगे शामिल
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग, वाणिज्य कर (आबकारी) एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर संजू देवी राजपूत करेंगी।
विशिष्ट अतिथियों में सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह तथा नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर उपस्थित रहेंगे।
जिला प्रशासन ने की सहभागिता की अपील
जिला प्रशासन कोरबा ने जिले के नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों, खेल प्रेमियों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक सभी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर हरित, स्वच्छ और स्वस्थ कोरबा के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।


