रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्काईरूट एयरोस्पेस द्वारा विकसित भारत के पहले निजी कक्षीय प्रक्षेपण यान ‘विक्रम-1’ के सफल प्रक्षेपण पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे देश के अंतरिक्ष इतिहास की एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सफलता भारत की वैज्ञानिक क्षमता, नवाचार और निजी क्षेत्र की बढ़ती भागीदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में अंतरिक्ष क्षेत्र में किए गए व्यापक सुधारों और निजी कंपनियों को मिले प्रोत्साहन का ही परिणाम है कि आज भारत वैश्विक अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि ‘विक्रम-1’ का सफल प्रक्षेपण देश के अंतरिक्ष क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और यह भारत को अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगा।
उन्होंने स्काईरूट एयरोस्पेस की पूरी टीम को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि भारतीय वैज्ञानिक और निजी अंतरिक्ष उद्योग भविष्य में भी ऐसे नए कीर्तिमान स्थापित करते रहेंगे।


