रायपुर, 21 जुलाई 2026। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने अंबिकापुर स्थित अपने निवास पर आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे क्षेत्रवासियों की समस्याएं और मांगें गंभीरता से सुनीं। इस दौरान उन्होंने प्रत्येक आवेदक से सीधे संवाद कर संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के निर्देश दिए।
जनदर्शन के दौरान नागरिकों ने सड़क, पेयजल, विद्युत, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दे मंत्री के समक्ष रखे। मंत्री श्री अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदनों पर संवेदनशीलता के साथ शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को समयबद्ध राहत मिल सके।
राजेश अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जनदर्शन जनता और जनप्रतिनिधियों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है, जिससे समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरना और क्षेत्र के समग्र विकास को गति देना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और विकास कार्यों की सतत मॉनिटरिंग की जा रही है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। लोगों ने अपनी समस्याएं सीधे मंत्री के समक्ष रखीं और त्वरित कार्रवाई के निर्देश मिलने पर संतोष व्यक्त करते हुए जनदर्शन व्यवस्था की सराहना की।


