रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ से अखिल भारतीय सेवाओं (UPSC) में चयनित अभ्यर्थियों ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने सभी चयनित युवाओं को बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता बनाने का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अखिल भारतीय सेवाओं में चयन केवल अभ्यर्थियों और उनके परिवार की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवा समाज और राष्ट्र निर्माण का सबसे प्रभावी माध्यम है तथा इस सेवा से जुड़े अधिकारियों को संवेदनशीलता, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।
उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों से कहा कि जनता की सेवा करने का अवसर उन्हें ईश्वर का आशीर्वाद और समाज का विश्वास है। इस अवसर का उपयोग आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने और प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने में युवा प्रशासनिक अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी चयनित अभ्यर्थी अपनी प्रतिभा, कार्यकुशलता और सेवा भावना के बल पर प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम योगदान देंगे।
इस दौरान चयनित अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री से अपने अनुभव साझा किए और उनके मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया।
सौजन्य मुलाकात में सुष्मिता सिंह, वैभवी अग्रवाल, दर्शना सिंह बघेल, रौनक अग्रवाल, अजय गुप्ता, अंकित सकनी, डायमंड ध्रुव और संजय डहरिया सहित उनके परिजन भी उपस्थित रहे।


