मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने छात्रों के आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा है कि देश की शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की जरूरत है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि आंदोलन की शुरुआत शांतिपूर्ण ढंग से हुई थी, लेकिन बाद में हिंसा की घटनाओं ने उन्हें दुखी किया। उन्होंने घायल छात्रों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की।
पेपर लीक गंभीर समस्या, छात्रों की एकजुटता सराहनीय
सलमान खान ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाएं देश के युवाओं के भविष्य से जुड़ा गंभीर मुद्दा हैं। उन्होंने खुशी जताई कि देशभर के छात्र बेहतर शिक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर एकजुट हुए हैं और उनके माता-पिता भी इस अभियान में साथ खड़े हैं।
उन्होंने छात्रों की मेहनत, ईमानदारी और बेहतर भविष्य बनाने की सोच की सराहना करते हुए कहा कि यही युवा आगे चलकर शिक्षित, सशक्त और विकसित भारत की नींव रखेंगे।
आंदोलन को राजनीति से दूर रखने की अपील
सलमान खान ने अपने संदेश में कहा कि यह आंदोलन छात्रों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ा है, इसलिए इसे राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए। उनके मुताबिक, इस आंदोलन का श्रेय केवल छात्रों को मिलना चाहिए और सरकार को उनकी बात गंभीरता से सुननी चाहिए।
उन्होंने कहा कि शिक्षा को देश की सबसे बड़ी प्राथमिकता बनाया जाना चाहिए। उनका सपना है कि भारत ऐसा देश बने, जहां दुनिया भर से छात्र पढ़ाई के लिए आएं और देश वैश्विक एजुकेशन हब के रूप में पहचान बनाए।
आलिया भट्ट ने भी छात्रों का किया समर्थन
अभिनेत्री आलिया भट्ट ने भी इंस्टाग्राम पर छात्रों के समर्थन में भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा कि छात्रों के पीछे उनके सपने, परिवारों की उम्मीदें और वर्षों की मेहनत जुड़ी होती है। उन्होंने कहा कि छात्रों का साहस और दृढ़ संकल्प पूरे देश के लिए प्रेरणा है।
अन्य सितारों ने भी दी प्रतिक्रिया
छात्र आंदोलन को लेकर अभिनेता अनुपम खेर ने भी छात्रों के समर्थन में आवाज उठाई। वहीं नसीरुद्दीन शाह ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई पर चिंता जताते हुए अपील की कि छात्र अपनी बात शांतिपूर्ण तरीके से रखते रहें।

