बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शादी समारोह से लौट रहे एक परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब उनकी तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बिजली के खंभे से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि 21 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्रा शारदा पाटिल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के पांच अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, डौंडी नगर पंचायत के बंधियापारा निवासी रंजीत सिंह पाटिल अपने परिवार के साथ ग्राम चिपरा में आयोजित एक पारिवारिक विवाह समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। इसी दौरान दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र में हिंदू होटल के पास चालक का वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया और कार सीधे बिजली के खंभे से जा भिड़ी।
इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थीं शारदा
मृतक शारदा पाटिल बिलासपुर में इंजीनियरिंग की छात्रा थीं। वह अपनी बुआ की शादी में शामिल होने के लिए विशेष रूप से घर आई थीं। शादी की खुशियों के बीच लौटते समय हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
स्थानीय लोगों ने शुरू किया राहत कार्य
टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही डायल-112 और पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
हादसे में घायल परिवार के सभी सदस्यों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।


