रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में बच्चों के पोषण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना (पीएम पोषण) के तहत बीजापुर जिले में सामाजिक सहभागिता की अनूठी मिसाल देखने को मिली। भैरमगढ़ विकासखंड के 324 प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में एक साथ ‘न्योता भोज महाअभियान’ आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 16 हजार विद्यार्थियों को स्वादिष्ट, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन परोसा गया।
कलेक्टर विश्वदीप और जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी नम्रता चौबे के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य बच्चों को अतिरिक्त पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के साथ-साथ विद्यालयों में उनकी नियमित उपस्थिति और पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाना है। ‘न्योता भोज’ के माध्यम से समाज की सहभागिता को विद्यालयों और विद्यार्थियों से जोड़ने का भी प्रयास किया जा रहा है।
महाअभियान के दौरान विभिन्न विद्यालयों में बच्चों के लिए विशेष व्यंजनों की व्यवस्था की गई। कहीं खीर-पूड़ी और पनीर की सब्जी परोसी गई तो कहीं हरी सब्जियों, गर्म भोजन और मिष्ठान के साथ विशेष भोज कराया गया। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों और ताजी सब्जियों का उपयोग कर पौष्टिक भोजन तैयार किया गया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक सामूहिक भोज का आनंद लिया।
इस अभियान को सफल बनाने में विकासखंड शिक्षा अधिकारी प्रह्लाद जैन, बीआरसी डी. राय, संकुल प्राचार्यों, संकुल समन्वयकों, प्रधान अध्यापकों तथा मध्यान्ह भोजन संचालित करने वाले समूहों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जिला शिक्षा अधिकारी राजेश पांडे ने बताया कि ‘न्योता भोज’ का उद्देश्य बच्चों को अतिरिक्त पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना तथा विद्यालयों में सामाजिक सहभागिता को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि शिक्षक और विद्यालय प्रबंधन इस अभियान को पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ सफल बना रहे हैं।
भैरमगढ़ में आयोजित यह सामूहिक ‘न्योता भोज महाअभियान’ बच्चों के बेहतर पोषण, विद्यालयों में नियमित उपस्थिति और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने की दिशा में प्रभावी पहल साबित हुआ है। इसकी सफलता को देखते हुए जिले के अन्य विकासखंडों में भी चरणबद्ध तरीके से ऐसे सामूहिक न्योता भोज आयोजित किए जाएंगे।


