दुर्ग। जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत छातागढ़ के पीपरछेड़ी-गनियारी शिवनाथ नदी में जन्मदिन मनाने पहुंचे आठ दोस्तों में से दो बच्चे तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। शनिवार सुबह शुरू किए गए रेस्क्यू अभियान में एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरे बच्चे की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, उरला निवासी आठ दोस्त शुक्रवार दोपहर जन्मदिन मनाने शिवनाथ नदी पहुंचे थे। जन्मदिन मनाने के बाद शाम करीब 4 बजे 14 वर्षीय रेहान खान और 12 वर्षीय आरव नदी में नहाने उतरे। इसी दौरान दोनों गहरे पानी और तेज बहाव में फंसकर बह गए।
दोस्त ने बचाने की कोशिश, लेकिन नहीं मिली सफलता
घटनास्थल पर मौजूद एक साथी ने दोनों बच्चों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण वह सफल नहीं हो सका। काफी देर तक तलाश करने के बाद जब दोनों का कोई पता नहीं चला तो दोस्तों ने परिजनों और पुलिस को सूचना दी।
सुबह शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन
अंधेरा होने के कारण शुक्रवार रात रेस्क्यू अभियान शुरू नहीं हो सका। शनिवार सुबह करीब 6 बजे पुलिस और बचाव दल ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब दो घंटे की तलाश के बाद घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर रेहान खान का शव बरामद किया गया, जिसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। वहीं आरव की तलाश लगातार जारी है।
तीन महीने में दूसरी बड़ी घटना
स्थानीय लोगों के अनुसार, इसी स्थान पर 19 अप्रैल को भी दो युवकों की डूबने से मौत हुई थी। लगातार हो रहे हादसों के बाद क्षेत्रवासियों ने नदी के खतरनाक हिस्सों में चेतावनी बोर्ड लगाने, सुरक्षा बैरिकेडिंग करने और नियमित निगरानी की व्यवस्था करने की मांग की है।
पुलिस और प्रशासन ने लोगों से बरसात के मौसम में नदी और जलाशयों के तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।


