रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को राजधानी रायपुर के फाफाडीह स्थित दया भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 136वीं कड़ी युवा साथियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के साथ सुनी। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ समाज में सकारात्मक बदलाव और प्रेरणादायी कार्यों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का प्रभावी मंच बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ महीनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के माध्यम से लगातार छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों, सांस्कृतिक विरासत और नवाचारों का उल्लेख किया है। उन्होंने कहा कि पहले मल्हार की पुरातात्विक विरासत, बस्तर ओलंपिक और बस्तर पंडुम का जिक्र किया गया था, जबकि इस बार कोरबा के जल संरक्षण और भूजल पुनर्भरण के प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली है।
जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कोरबा में भू-स्थानिक मैपिंग, रिचार्ज वेल, शैलो एक्विफर मैनेजमेंट जैसी आधुनिक तकनीकों से वर्षा जल संरक्षण का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण और पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़कर व्यापक अभियान का रूप देने के लिए प्रतिबद्ध है।
कारगिल के वीरों को किया नमन
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ की शुरुआत कारगिल विजय दिवस पर देश के वीर जवानों को श्रद्धांजलि देकर की। उन्होंने कहा कि कारगिल के शहीदों का साहस और बलिदान आने वाली पीढ़ियों को सदैव राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।
‘हर घर तिरंगा’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आगामी स्वतंत्रता दिवस पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री के ‘वोकल फॉर लोकल’ संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के कोसा, बेलमेटल, बांस शिल्प, हथकरघा, माटी कला और वन उत्पादों को बढ़ावा देना स्थानीय कारीगरों के सम्मान और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मिट्टी की गणेश प्रतिमाएं अपनाने की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी गणेशोत्सव में पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमाओं का उपयोग किया जाना चाहिए। इससे स्थानीय कुम्हारों को रोजगार मिलेगा और जल स्रोतों को प्रदूषण से भी बचाया जा सकेगा।
युवा शक्ति पर जताया भरोसा
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री ने खेल, विज्ञान, अंतरिक्ष और नवाचार के क्षेत्र में भारतीय युवाओं की उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार भी युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास, खेल सुविधाएं और नवाचार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।


