रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को राजधानी रायपुर के फाफाडीह स्थित दया भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 136वीं कड़ी युवा साथियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के साथ सुनी। कार्यक्रम के बाद उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ देशभर में सकारात्मक और प्रेरणादायी कार्यों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का प्रभावी मंच बन चुका है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार ‘मन की बात’ के माध्यम से छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों, सांस्कृतिक विरासत और नवाचारों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिला रहे हैं। उन्होंने बताया कि पहले मल्हार की पुरातात्विक विरासत, बस्तर ओलंपिक और बस्तर पंडुम का उल्लेख किया गया था, जबकि इस बार कोरबा के जल संरक्षण और भूजल पुनर्भरण के प्रयासों की सराहना की गई।
उन्होंने कहा कि कोरबा में भू-स्थानिक मैपिंग, रिचार्ज वेल और शैलो एक्विफर मैनेजमेंट जैसी आधुनिक तकनीकों के माध्यम से वर्षा जल संरक्षण का कार्य किया जा रहा है। राज्य सरकार जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण और पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़कर व्यापक अभियान का स्वरूप देने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर देश के वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि कारगिल के शहीदों का साहस और सर्वोच्च बलिदान आने वाली पीढ़ियों को सदैव राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।
उन्होंने प्रदेशवासियों से आगामी स्वतंत्रता दिवस पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की। साथ ही प्रधानमंत्री के ‘वोकल फॉर लोकल’ संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के कोसा, बेलमेटल, बांस शिल्प, हथकरघा, माटी कला और वन उत्पादों को बढ़ावा देना स्थानीय कारीगरों को सशक्त बनाने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री साय ने आगामी गणेशोत्सव के दौरान मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमाओं के उपयोग की भी अपील की। उन्होंने कहा कि इससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, जल स्रोत प्रदूषण से बचेंगे और स्थानीय कुम्हारों को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में खेल, विज्ञान, अंतरिक्ष और नवाचार के क्षेत्र में भारतीय युवाओं की उपलब्धियों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास, खेल सुविधाएं और नवाचार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।


