रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली स्थित संचार भवन में केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ में डिजिटल और दूरसंचार कनेक्टिविटी के विस्तार पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने डिजिटल भारत निधि (DBN) योजना के तहत प्रदेश के दूरस्थ, जनजातीय और सीमावर्ती क्षेत्रों में 2,305 नए मोबाइल टावरों को शीघ्र स्वीकृति देने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया के संकल्प को प्रदेश के अंतिम गांव तक पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उनका कहना था कि मजबूत मोबाइल नेटवर्क और हाई-स्पीड इंटरनेट अब केवल संचार का माध्यम नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, बैंकिंग, डिजिटल भुगतान और सरकारी योजनाओं तक पहुंच का आधार बन चुका है।
577 अतिरिक्त टावरों पर केंद्र का आभार
मुख्यमंत्री साय ने नक्सल प्रभावित और दुर्गम क्षेत्रों के लिए 577 अतिरिक्त मोबाइल टावरों की स्वीकृति पर केंद्र सरकार और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इससे बस्तर सहित कठिन भौगोलिक क्षेत्रों को डिजिटल मुख्यधारा से जोड़ने में बड़ी मदद मिलेगी।
489 स्थानों के लिए जारी हुई एनओसी
मुख्यमंत्री ने बताया कि स्वीकृत 577 टावरों में से 489 स्थानों के लिए बीएसएनएल को भूमि संबंधी अनापत्ति प्रमाण-पत्र (NOC) जारी किए जा चुके हैं। शेष 88 स्थानों की प्रक्रिया भी तेजी से पूरी की जा रही है। जिन स्थानों पर अनुमति मिल चुकी है, वहां बीएसएनएल ने टावर स्थापना का कार्य शुरू कर दिया है।
शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि मजबूत इंटरनेट नेटवर्क से विद्यार्थियों को ऑनलाइन शिक्षा, युवाओं को कौशल प्रशिक्षण, किसानों को मौसम और बाजार की जानकारी तथा ग्रामीणों को टेलीमेडिसिन, डिजिटल बैंकिंग और ऑनलाइन सरकारी सेवाओं का लाभ आसानी से मिलेगा। इससे ग्रामीण उद्यमियों और स्व-सहायता समूहों की डिजिटल बाजार तक पहुंच भी बेहतर होगी।
डिजिटल सशक्तिकरण की ओर बढ़ता बस्तर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सड़क, बिजली और स्वास्थ्य सुविधाओं के बाद अब डिजिटल कनेक्टिविटी को भी समान प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि 2,305 नए मोबाइल टावरों की स्वीकृति मिलने के बाद छत्तीसगढ़ के दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों में डिजिटल परिवर्तन को नई गति मिलेगी और तकनीक का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा।


