रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में जशपुर जिले को बड़ी सौगात मिली है। राज्य सरकार ने वर्ष 2025-26 के बजट प्रावधान के तहत जिले की चार प्रमुख ग्रामीण संपर्क सड़क परियोजनाओं के लिए 8 करोड़ 44 लाख 68 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है।
सरकार का मानना है कि इन सड़कों के निर्माण से दूरस्थ गांवों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि तथा स्थानीय व्यापार को नई गति मिलेगी। इस निर्णय से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
इन चार सड़क परियोजनाओं को मिली मंजूरी
- बुलडेगा से रेचवाघाट पहुंच मार्ग (1.20 किमी) – ₹1.23 करोड़
- खुंटापानी से सलियामुड़ा पहुंच मार्ग (3 किमी) – ₹3.46 करोड़
- कोसमभावना से बनगांव पहुंच मार्ग (1.20 किमी) – ₹1.43 करोड़ (पुल-पुलिया निर्माण सहित)
- बुलडेगा मेन रोड से सुकबासुपारा होते हुए भिंजपुर पहुंच मार्ग (2.50 किमी) – ₹2.30 करोड़
ग्रामीणों को मिलेगा सीधा लाभ
इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद ग्रामीणों को पूरे वर्ष सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। विद्यार्थियों के लिए स्कूल पहुंचना आसान होगा, मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं तक बेहतर पहुंच मिलेगी और किसानों को अपनी कृषि उपज बाजार तक ले जाने में सुविधा होगी। बरसात के दौरान आवागमन बाधित होने की समस्या का भी समाधान होगा।
स्थानीय विकास को मिलेगी नई रफ्तार
नई सड़कें बनने से क्षेत्र में परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और सामाजिक-आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण विकास को प्राथमिकता देते हुए लगातार जनहित के फैसले ले रही है।


