रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार राज्य को देश के प्रमुख पर्यटन गंतव्यों में शामिल करने की दिशा में लगातार कदम बढ़ा रही है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल ने उद्योग संगठन फिक्की के सहयोग से पुणे में भव्य पर्यटन रोड शो आयोजित कर राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति, ऐतिहासिक धरोहरों, वन्यजीव, आध्यात्मिक और साहसिक पर्यटन की संभावनाओं को राष्ट्रीय पर्यटन उद्योग के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
CM साय के विजन को मिली नई गति
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित इस रोड शो का उद्देश्य राज्य में पर्यटन निवेश बढ़ाना, नए पर्यटन पैकेज विकसित करना और रोजगार के अवसरों का विस्तार करना रहा। सरकार की ‘विकसित छत्तीसगढ़’ परिकल्पना के तहत पर्यटन को आर्थिक विकास और स्थानीय रोजगार का मजबूत माध्यम बनाया जा रहा है।
B2B बैठकों में निवेश और साझेदारी पर चर्चा
रोड शो में छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के टूर ऑपरेटर, ट्रैवल एजेंट, होटल व्यवसायी और पर्यटन उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बी-टू-बी बैठकों में नए पर्यटन पैकेज, निवेश, मार्केटिंग और व्यावसायिक साझेदारी को लेकर व्यापक चर्चा हुई, जिससे भविष्य में दोनों राज्यों के बीच पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
पर्यटन मंडल ने निवेशकों को दिया आमंत्रण
छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने कहा कि राज्य को भारत के सबसे आकर्षक पर्यटन स्थलों में स्थापित करना मंडल का लक्ष्य है। उन्होंने ट्रैवल एजेंटों और होटल व्यवसायियों से छत्तीसगढ़ की पर्यटन संभावनाओं को देश-विदेश तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
वहीं, पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने बताया कि राज्य में पर्यटन अधोसंरचना को लगातार मजबूत किया जा रहा है और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कई नवाचार किए जा रहे हैं।
चित्रकोट, सिरपुर और भोरमदेव बने आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम में चित्रकोट जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, सिरपुर और भोरमदेव मंदिर सहित राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों की जानकारी दी गई। साथ ही छत्तीसगढ़ की लोककला, संस्कृति और परंपराओं पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों का ध्यान आकर्षित किया।
आठ शहरों में होगा पर्यटन प्रचार अभियान
पर्यटन मंडल ने बताया कि पुणे रोड शो आठ शहरों में आयोजित किए जा रहे राष्ट्रीय प्रचार अभियान का तीसरा चरण है। इससे पहले दिल्ली और भुवनेश्वर में भी सफल रोड शो आयोजित किए जा चुके हैं। इस अभियान का उद्देश्य राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन बाजार में छत्तीसगढ़ की मजबूत पहचान बनाना और राज्य को प्रकृति, संस्कृति, विरासत तथा साहसिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार पर्यटन को आर्थिक समृद्धि, रोजगार सृजन और सांस्कृतिक पहचान का मजबूत आधार बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।


