रायपुर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दीपक रात्रे और भूपेन्द्र की मौत के बाद उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने दिल्ली प्रवास के दौरान दोनों दिवंगतों के परिजनों से दूरभाष पर बात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस दुख की घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार हरसंभव सहायता के साथ उनके साथ खड़ी है।
विजय शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीड़ित परिवारों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं।
CM साय की सहायता घोषणा पर जताया आभार
उप मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा दोनों शोकाकुल परिवारों को 20-20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यह संवेदनशील निर्णय कठिन समय में पीड़ित परिवारों को बड़ा संबल देगा और राज्य सरकार हर कदम पर उनके साथ रहेगी।
‘आतंकियों को मिलेगा मुंहतोड़ जवाब’
विजय शर्मा ने कहा कि निर्दोष नागरिकों की हत्या मानवता के विरुद्ध जघन्य अपराध है। आतंकवाद के ऐसे कायराना कृत्य किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं हैं। उन्होंने कहा कि पूरा देश आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है और इस हमले में शामिल आतंकियों को उनके अपराध की कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी।
उन्होंने दो टूक कहा कि आतंकियों को उनके कायराना कृत्य का मुंहतोड़ जवाब मिलेगा और इस हमले का बदला अवश्य लिया जाएगा।
घटनास्थल पर समन्वय जारी
उन्होंने बताया कि जम्मू-कश्मीर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा भी घटनास्थल पर मौजूद हैं और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने में जुटे हैं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।


