जगदलपुर। बस्तर जिले के डिमरापाल स्थित मेडिकल कॉलेज में इंटर्न डॉक्टरों ने मंगलवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर एक दिवसीय हड़ताल करते हुए काम बंद कर दिया। डॉक्टरों की प्रमुख मांग मासिक स्टाइपेंड को 16 हजार रुपये से बढ़ाकर 30 हजार रुपये किए जाने की है। हड़ताल के कारण मेडिकल कॉलेज की स्वास्थ्य सेवाएं आंशिक रूप से प्रभावित रहीं।
पड़ोसी राज्यों के बराबर स्टाइपेंड की मांग
इंटर्न डॉक्टरों का कहना है कि छत्तीसगढ़ से लगे कई राज्यों में इंटर्न डॉक्टरों को 40 से 45 हजार रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जाता है, जबकि छत्तीसगढ़ में उन्हें केवल 16 हजार रुपये मिल रहे हैं। उनका कहना है कि इस संबंध में पहले भी स्वास्थ्य मंत्री को ज्ञापन सौंपा जा चुका है, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया।
धरने पर बैठे इंटर्न डॉक्टर
हड़ताल के दौरान इंटर्न डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज परिसर के पार्किंग क्षेत्र में धरना देकर अपनी मांगों को दोहराया। इस दौरान अस्पताल की व्यवस्था नियमित डॉक्टरों के भरोसे संचालित होती रही।
जूनियर डॉक्टरों और कांग्रेस का समर्थन
इंटर्न डॉक्टरों के आंदोलन को जूनियर डॉक्टरों ने भी समर्थन दिया। वहीं, कांग्रेस के स्थानीय पदाधिकारी भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और इंटर्न डॉक्टरों की मांगों का समर्थन करते हुए राज्य सरकार से जल्द समाधान निकालने की मांग की।
फिलहाल इंटर्न डॉक्टरों का कहना है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आगे आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी। वहीं, इस मामले में सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


