रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय, बगिया आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान का केंद्र बनता जा रहा है। यहां पहुंचने वाले नागरिकों की शिकायतों और मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए संबंधित विभागों द्वारा शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
इसी क्रम में जशपुर जिले के ग्राम गिरहलडीह, पोस्ट लोधमा, तहसील कुनकुरी निवासी श्रीमती रामपति बाई ने अपनी श्रवण बाधित बेटी दीपिका कुमारी के लिए मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में श्रवण यंत्र उपलब्ध कराने का आवेदन दिया था।
आवेदन में बताया गया कि दीपिका कुमारी, जो आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, पतराटोली (विकासखंड दुलदुला) में कक्षा 9वीं की छात्रा है, कम सुनाई देने के कारण पढ़ाई में कठिनाइयों का सामना कर रही थी। कक्षा में पढ़ाया गया विषय स्पष्ट रूप से सुनाई नहीं देने से उसकी शिक्षा प्रभावित हो रही थी।
मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आवेदन प्राप्त होते ही समाज कल्याण विभाग ने तत्काल संज्ञान लिया और जनपद पंचायत दुलदुला के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को छात्रा को श्रवण यंत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके बाद दीपिका को श्रवण यंत्र प्रदान किया गया।
श्रवण यंत्र मिलने के बाद दीपिका ने बताया कि अब वह कक्षा में शिक्षकों की बात स्पष्ट रूप से सुन पा रही है और पढ़ाई को बेहतर ढंग से समझने लगी है। इससे उसकी शिक्षा में आ रही बड़ी बाधा दूर हो गई है।
दीपिका कुमारी और उसके परिजनों ने त्वरित सहायता के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सहयोग से उसके बेहतर भविष्य की राह आसान हुई है।


