रायपुर। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की अध्यक्षता में सोमवार को मंत्रालय में स्वास्थ्य अधोसंरचना परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य सचिव, लोक निर्माण विभाग के सचिव तथा संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान रायपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन विभिन्न परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। इनमें ट्रॉमा सेंटर, क्रिटिकल केयर यूनिट, नवीन सिकल सेल इंस्टीट्यूट, बॉयज एवं गर्ल्स हॉस्टल तथा स्टाफ रेजिडेंशियल बिल्डिंग जैसे महत्वपूर्ण निर्माण कार्य शामिल रहे। इन परियोजनाओं को प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक और सुदृढ़ बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
बैठक में सभी परियोजनाओं की प्रगति का आकलन करते हुए आगामी कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा की गई, ताकि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जा सकें।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए और सभी परियोजनाएं तय समय पर पूरी हों। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से प्रदेशवासियों को बेहतर, आधुनिक और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
मंत्री ने अधिकारियों से नियमित मॉनिटरिंग करते हुए कार्यों में तेजी लाने और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया, ताकि स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करने के राज्य सरकार के लक्ष्य को शीघ्र पूरा किया जा सके।


