रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने और ग्रामीण व दूरस्थ क्षेत्रों की छात्राओं को विद्यालय से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में संचालित सरस्वती साइकिल योजना छात्राओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। योजना के तहत बलरामपुर जिले की कक्षा 9वीं की 120 छात्राओं को निशुल्क साइकिल वितरित की गई।
कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बलरामपुर में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को साइकिलें सौंपी गईं। साइकिल मिलने के बाद छात्राओं के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास साफ दिखाई दिया।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष लोधीराम एक्का ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि दूरी, आर्थिक कठिनाई या संसाधनों की कमी बेटियों की शिक्षा में कभी बाधा न बने। उन्होंने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना विशेष रूप से दूरस्थ क्षेत्रों की छात्राओं के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रही है। इससे छात्राएं सुरक्षित और समय पर विद्यालय पहुंच सकेंगी तथा पढ़ाई पर अधिक ध्यान दे पाएंगी।
विद्यालय के प्राचार्य ने बताया कि आठवीं के बाद विद्यालय की दूरी कई छात्राओं के लिए बड़ी चुनौती बन जाती थी। कई बेटियों को प्रतिदिन 4 से 5 किलोमीटर पैदल चलकर विद्यालय पहुंचना पड़ता था, जिससे उनकी नियमित उपस्थिति और पढ़ाई प्रभावित होती थी। अब साइकिल मिलने से उनकी उपस्थिति बढ़ने के साथ पढ़ाई के लिए अधिक समय भी मिलेगा।
ग्राम पिण्डारा की छात्रा कोमल शर्मा ने कहा कि पहले विद्यालय पहुंचने में काफी समय और ऊर्जा खर्च हो जाती थी। अब साइकिल मिलने से वह समय पर स्कूल पहुंच सकेगी और पढ़ाई पर पहले से अधिक ध्यान दे पाएगी।
राज्य सरकार का मानना है कि सरस्वती साइकिल योजना केवल एक सुविधा नहीं, बल्कि बेटियों को शिक्षा से जोड़ने, उनका आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।


