रायपुर। पवित्र श्रावण माह में कबीरधाम जिले के प्रसिद्ध भोरमदेव सरस मेला में इस वर्ष लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मेले को प्लास्टिक मुक्त और स्वच्छ बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने सभी दुकानदारों, शिविर संचालकों और श्रद्धालुओं से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 का पालन करने का आग्रह किया।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि भोरमदेव धाम आस्था, संस्कृति और प्रकृति की अमूल्य धरोहर है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन के बीच सभी की जिम्मेदारी है कि इस पवित्र स्थल की स्वच्छता और प्राकृतिक सुंदरता को बनाए रखा जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को भी स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त वातावरण मिल सके।
कपड़े और जूट के बैग अपनाने की अपील
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पूरा भोरमदेव परिसर और संभागीय सरस मेला प्लास्टिक मुक्त होना चाहिए। उन्होंने प्लास्टिक की जगह कपड़े या जूट के बैग के उपयोग पर जोर दिया। साथ ही दुकानदारों और शिविर संचालकों से गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा कचरा केवल निर्धारित कचरा गाड़ी या डस्टबिन में डालने की अपील की।
श्रद्धालुओं से भी आग्रह किया गया कि वे घर से कपड़े का थैला और पानी की बोतल साथ लेकर आएं तथा खुले में कचरा न फेंकें।
दिलाई स्वच्छता की शपथ
कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्रामीणों, स्व-सहायता समूह की महिलाओं, मितानिन बहनों और स्वच्छाग्रहियों को स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के पालन की शपथ दिलाई। सभी ने कचरे का पृथक्करण करने, प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने और अपने गांव सहित भोरमदेव धाम को स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने कबीरधाम जिले को प्लास्टिक मुक्त बनाने का संकल्प लेते हुए अपने आसपास के लोगों को भी इस अभियान से जोड़ने का निर्णय लिया।


