रायपुर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat) जशपुर द्वारा 1 से 15 अगस्त 2026 तक आयोजित स्वच्छता पखवाड़ा के तहत जिलेभर में व्यापक स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर सफाई अभियान, स्वच्छता शपथ और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (EMRS) घोलेंग में विद्यार्थियों और युवाओं की सहभागिता से स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर की साफ-सफाई की गई और सभी प्रतिभागियों को स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ दिलाई गई।
जिलेभर में चला स्वच्छता अभियान
स्वच्छता पखवाड़ा के तहत बगीचा विकासखंड के रामकृष्ण आश्रम, तपकरा छात्रावास, फरसाबहार और मनोरा विकासखंड में भी MY Bharat के स्वयंसेवकों ने सफाई अभियान चलाया। स्थानीय युवाओं, विद्यार्थियों और स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।
युवाओं से स्वच्छता को आदत बनाने की अपील
MY Bharat के प्रतिनिधियों ने युवाओं से दैनिक जीवन में स्वच्छता को व्यवहार का हिस्सा बनाने, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने और अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
अभियान का उद्देश्य युवाओं में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना और जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छ भारत के संकल्प को और अधिक मजबूत करना है।


