रायपुर। राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा सरगुजा जिले के विभिन्न विद्यालयों में छात्राओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान का उद्देश्य छात्राओं को ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) संक्रमण, सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम और एचपीवी टीकाकरण के महत्व के प्रति जागरूक करना है।
अभियान के दौरान दशमेश पब्लिक स्कूल की 60, कार्मेल स्कूल की 125 और होली क्रॉस स्कूल की 310 छात्राओं सहित कुल 495 छात्राओं ने कार्यक्रम में भाग लिया।
सर्वाइकल कैंसर से बचाव का सुरक्षित माध्यम है एचपीवी वैक्सीन
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छात्राओं को बताया कि एचपीवी वैक्सीन गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर से बचाव का सुरक्षित और प्रभावी माध्यम है। समय पर टीकाकरण कराने से इस गंभीर बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
भ्रांतियां दूर कर दिए जरूरी सुझाव
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने एचपीवी टीकाकरण के लाभ, आवश्यक सावधानियों और इससे जुड़ी भ्रांतियों पर विस्तार से जानकारी दी। छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें अपने अभिभावकों और परिवार के अन्य सदस्यों को भी टीकाकरण के महत्व के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
स्वास्थ्य विभाग की अपील
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जिले की सभी पात्र छात्राओं और उनके अभिभावकों से राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान में सक्रिय सहभागिता करने तथा निर्धारित समय पर टीकाकरण कराकर सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में सहयोग देने की अपील की।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में संबंधित विद्यालयों के प्राचार्यों, शिक्षकों तथा स्वास्थ्य विभाग की डॉ. सीमा तिग्गा, डॉ. चंदन केशरी, डॉ. साधना मिश्रा (आरबीएसके टीम-ए), शहरी सुपरवाइजर धनेश प्रताप सिंह और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


