रायपुर। जिले के वीर बलिदानियों की स्मृति को संजोने और उनकी शौर्यगाथा को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से दुर्ग जिले के पाटन विकासखंड के ग्राम सोनपुर में शौर्य वाटिका का भूमिपूजन किया गया। उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में जिले के 37 शहीद परिवारों का सम्मान किया गया।
लगभग एक एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही शौर्य वाटिका में शहीदों के नाम पर उनके परिजनों द्वारा स्मृति वृक्ष लगाए गए। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी शहीदों की स्मृति में पीपल का पौधा रोपित कर शौर्य वाटिका में पौधरोपण की शुरुआत की।
78.96 लाख रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण
कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने लगभग 78.96 लाख रुपए की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें तालाब गहरीकरण, खेल मैदान, पहुंच मार्ग निर्माण, शौचालय, चबूतरा निर्माण, वृक्षारोपण और शेड निर्माण सहित कई कार्य शामिल हैं।
इसके अलावा मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना के अंतर्गत 37.95 लाख रुपए की लागत से सीसी रोड निर्माण, आहता निर्माण और शेड निर्माण कार्यों का भी लोकार्पण किया गया।
शहीद परिवारों और जवानों को किया नमन
लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में छत्तीसगढ़ के जवानों और बस्तर के लोगों ने बड़ी कीमत चुकाई है। उन्होंने शहीद जवानों और उनके परिवारों को नमन करते हुए कहा कि बस्तर में शांति स्थापित होने के बाद विकास की नई संभावनाएं खुली हैं।
उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में कभी नक्सल हिंसा के कारण स्कूल, अस्पताल, आंगनबाड़ी, बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना मुश्किल था, वहां अब विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
शहीदों के बलिदान को याद रखेगी आने वाली पीढ़ी
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में नक्सलवाद के खात्मे में शहीद जवानों की बहादुरी और बलिदान की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। आज नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं और जिन इलाकों में कभी जाना मुश्किल था, वहां अब शांति और बदलाव का माहौल दिखाई दे रहा है।
उन्होंने सोनपुर में शौर्य वाटिका के निर्माण की सराहना करते हुए कहा कि यहां शहीद परिवारों और शहीदों के नाम पर पौधरोपण किया जा रहा है। इसका उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों को उनके त्याग, साहस और शौर्य से परिचित कराना है।
सोनपुर के विकास में सरकार देगी हरसंभव सहयोग
विजय शर्मा ने कहा कि सोनपुर गांव में योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में सरकार हरसंभव सहयोग करेगी। उन्होंने गांव में निर्मित विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि मनरेगा सहित वीवीजी राम जी के माध्यम से रोजगार, कौशल विकास और अधोसंरचना निर्माण को गति दी जा रही है।
उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से भी गांव के विकास कार्यों को योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
जनप्रतिनिधियों ने भी शहीदों को किया नमन
कार्यक्रम में सांसद विजय बघेल ने भी शहीदों को नमन करते हुए उनके परिवारों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने शहीद परिवारों के योगदान को देश और प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया।
इस अवसर पर साजा विधायक ईश्वर साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष कीर्ति नायक, सुरेन्द्र कौशिक, सरपंच संत कुमार कुंभकार, सेवानिवृत्त शिक्षक रामू राम चक्रधर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण नागरिक उपस्थित रहे।


