दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में बारिश के मौसम के बीच स्वाइन फ्लू (H1N1) का पहला मामला सामने आया है। एक निजी अस्पताल में भर्ती 2 साल 11 महीने की बच्ची में H1N1 वायरस की पुष्टि हुई है। मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है।
जानकारी के अनुसार, बच्ची को करीब दो दिनों से तेज बुखार और फ्लू जैसे लक्षण थे। तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने स्वाइन फ्लू की आशंका को देखते हुए RT-PCR जांच कराई। जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद बच्ची में H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई।
विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में इलाज
फिलहाल बच्ची का इलाज विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बच्ची के घर और आसपास के क्षेत्र में सर्विलांस शुरू कर दिया है।
परिवार के सदस्यों के सैंपल लिए गए
स्वास्थ्य विभाग की टीम बच्ची के घर पहुंची और परिवार के अन्य सदस्यों की स्वास्थ्य संबंधी जानकारी जुटाई। एहतियात के तौर पर परिवार के सदस्यों के सैंपल भी लिए गए हैं। इसके अलावा बच्ची के संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाकर उनकी भी निगरानी की जा रही है।
स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती स्तर पर संक्रमण की पहचान और संपर्क में आए लोगों की निगरानी के जरिए संभावित संक्रमण को फैलने से रोकने का प्रयास किया जा रहा है।
5 साल से कम उम्र के बच्चों को लेकर विशेष सतर्कता
डॉक्टरों के मुताबिक, 5 साल से कम उम्र के बच्चों में फ्लू संक्रमण गंभीर रूप ले सकता है। H1N1 संक्रमित व्यक्ति के खांसने, छींकने या बातचीत के दौरान निकलने वाली सूक्ष्म बूंदों के संपर्क में आने से फैल सकता है। भीड़भाड़ वाले स्थानों और बंद जगहों में संक्रमण का जोखिम बढ़ सकता है।
फिलहाल स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और संक्रमण के संभावित प्रसार को रोकने के लिए आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।


