मुंबई। अल्लू अर्जुन की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘राका’ को लेकर फैंस की उत्सुकता लगातार बढ़ती जा रही है। ‘पुष्पा’ सीरीज के बाद अभिनेता को एक बिल्कुल अलग अंदाज में देखने की उम्मीद की जा रही है। एटली के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में अल्लू अर्जुन के साथ दीपिका पादुकोण, रश्मिका मंदाना और जान्हवी कपूर के नाम जुड़े हैं। अब फिल्म की कहानी और किरदारों को लेकर कई चर्चाएं सामने आ रही हैं।
दीपिका के किरदार की रक्षक बन सकती हैं रश्मिका
फिल्म से जुड़ी रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि रश्मिका मंदाना कहानी में दीपिका पादुकोण के किरदार की रक्षक की भूमिका निभा सकती हैं। बताया जा रहा है कि दीपिका का किरदार ऐसी परिस्थितियों में फंस सकता है, जहां उसकी सुरक्षा बड़ी चुनौती बन जाती है।
ऐसे में रश्मिका का किरदार कहानी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए उनकी रक्षा करता नजर आ सकता है। रिपोर्ट्स में दीपिका के किरदार का कनेक्शन प्राचीन वैदिक काल से होने की भी चर्चा है। हालांकि, इन जानकारियों की फिल्म मेकर्स की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
ट्रिपल रोल में नजर आ सकते हैं अल्लू अर्जुन
‘राका’ को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा अल्लू अर्जुन के संभावित ट्रिपल रोल की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिनेता फिल्म में तीन अलग-अलग किरदार निभा सकते हैं।
इनमें से एक किरदार को योद्धा के रूप में पेश किए जाने की बात कही जा रही है, जबकि दूसरा किरदार डार्क और रहस्यमयी अंदाज वाला बताया जा रहा है। तीसरे किरदार को लेकर अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है।
अगर यह जानकारी सही साबित होती है तो ‘राका’ अल्लू अर्जुन के करियर की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्मों में शामिल हो सकती है।
फैंटेसी और रहस्यमयी क्रिएचर्स से भरी होगी फिल्म की दुनिया
फिल्म की कहानी में फैंटेसी का बड़ा एंगल होने की भी चर्चा है। बताया जा रहा है कि फिल्म में सामान्य वन्यजीवों के साथ-साथ कुछ काल्पनिक और रहस्यमयी क्रिएचर्स भी दिखाई दे सकते हैं।
जान्हवी कपूर के आदिवासी युवती का किरदार निभाने की चर्चा है। वहीं ऐश्वर्या लेक्ष्मी के किरदार को ग्रे शेड से जोड़कर देखा जा रहा है। अलग-अलग तरह के किरदार फिल्म की कहानी को और रहस्यमयी बना सकते हैं।
रामोजी फिल्म सिटी में तैयार हुआ विशाल सेट
फिल्म की शूटिंग को लेकर भी महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, हैदराबाद स्थित रामोजी फिल्म सिटी में फिल्म के लिए एक विशाल सेट तैयार किया गया है।
इसी सेट पर फिल्म के कई बड़े और महत्वपूर्ण सीक्वेंस शूट किए जाने की संभावना है। रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि यहां इंटरवल ब्लॉक के अलावा अल्लू अर्जुन के हाई-ऑक्टेन एक्शन सीन्स भी फिल्माए जा सकते हैं।
आधिकारिक घोषणा का इंतजार
अल्लू अर्जुन का संभावित ट्रिपल रोल, रश्मिका का रक्षक वाला किरदार और दीपिका के कैरेक्टर का रहस्यमयी कनेक्शन फिल्म को लेकर फैंस की उत्सुकता बढ़ा रहा है। हालांकि, कहानी और किरदारों से जुड़ी इन सभी जानकारियों पर अभी आधिकारिक मुहर लगना बाकी है।


