रायपुर। सरगुजा जिले के शिवपुर एकलव्य आवासीय विद्यालय की छात्राओं के अपनी समस्याओं को लेकर पैदल कलेक्टोरेट जाने की घटना को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गंभीरता से लिया है। घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री ने सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत से फोन पर चर्चा कर पूरे मामले की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने विद्यालय में लंबे समय से समस्याएं बने रहने और छात्राओं को अपनी बात रखने के लिए विद्यालय से पैदल निकलने की स्थिति उत्पन्न होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि बच्चों को अपनी बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन तक पहुंचने की ऐसी स्थिति स्वीकार्य नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कलेक्टर को पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय करने और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने छात्राओं द्वारा उठाई गई बिजली, शिक्षकों की कमी, नियमित पढ़ाई, मेस और साफ-सफाई से जुड़ी समस्याओं का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही ऐसी व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए, जिससे विद्यालय और छात्रावास स्तर पर ही बच्चों की समस्याओं की समय पर जानकारी लेकर उनका समाधान किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने आदिवासी अंचलों के आवासीय विद्यालयों और छात्रावासों में शिक्षा, सुरक्षा तथा मूलभूत सुविधाओं को लेकर किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करने की बात कही। उन्होंने अधिकारियों को इन संस्थानों की नियमित समीक्षा और सतत निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


