नवा रायपुर स्थित फेयरवे गोल्फ एंड कंट्री क्लब रिजॉर्ट में ‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ का आयोजन हो रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रतियोगिता की आकर्षक ट्रॉफी का अनावरण किया और देश-विदेश से आए प्रोफेशनल गोल्फ खिलाड़ियों का छत्तीसगढ़ की धरती पर आत्मीय स्वागत किया।
इस अवसर पर 1983 विश्वकप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान एवं प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (PGTI) के अध्यक्ष कपिल देव की गरिमामयी उपस्थिति रही। मुख्यमंत्री ने गोल्फ कोर्स पर स्वयं गोल्फ में हाथ आजमाया और शानदार शॉट लगाकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
132 प्रोफेशनल गोल्फर ले रहे हिस्सा
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नवा रायपुर में प्रोफेशनल गोल्फ के इतने प्रतिष्ठित आयोजन का होना छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है। प्रतियोगिता में 132 प्रोफेशनल खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 18 विदेशी खिलाड़ी भी शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि देश-दुनिया के खिलाड़ियों का छत्तीसगढ़ आना प्रदेश में खेलों के लिए तैयार हो रहे अनुकूल वातावरण को दर्शाता है। ऐसे आयोजनों से प्रदेश की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान मजबूत होने के साथ खेल पर्यटन को भी बढ़ावा मिलता है।
‘नवा रायपुर ओपन’ बनेगा छत्तीसगढ़ की नई पहचान
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि ‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन’ आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ की नई पहचान बनेगा। नवा रायपुर को देश-दुनिया के प्रमुख गोल्फ डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की दिशा में यह आयोजन महत्वपूर्ण साबित होगा।
उन्होंने कहा कि पहले गोल्फ को सीमित वर्ग से जुड़े खेल के रूप में देखा जाता था, लेकिन अब इसका दायरा लगातार बढ़ रहा है। छत्तीसगढ़ में भी गोल्फ की संभावनाएं तेजी से विकसित हो रही हैं। राज्य सरकार गोल्फ के लिए आवश्यक सुविधाओं के विस्तार और प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं के आयोजन में हरसंभव सहयोग करेगी।
खेल अधोसंरचना और प्रतिभाओं पर जोर
CM साय ने कहा कि राज्य सरकार खेलों को युवाओं के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और आत्मविश्वास से जोड़कर आगे बढ़ा रही है। खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर संसाधन और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अवसर उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन को बजट में शामिल किया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ के संकल्प के अनुरूप प्रदेश में खेलों के लिए व्यापक वातावरण तैयार किया जा रहा है।
नेशनल ट्राइबल गेम्स, बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजनों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इनसे दूरस्थ क्षेत्रों के हजारों बच्चों और युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिला है।
बस्तर में खेलों के जरिए युवाओं को मिल रही नई उड़ान
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में शांति और विकास के साथ युवाओं के सपनों को भी नई उड़ान मिल रही है। बस्तर ओलंपिक में युवाओं की व्यापक भागीदारी इस बदलाव का उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि क्रिकेट, हॉकी, तीरंदाजी और एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेलों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। अब प्रोफेशनल गोल्फ के बड़े आयोजनों से प्रदेश की खेल यात्रा को नया आयाम मिलेगा।
खिलाड़ियों को बस्तर और सरगुजा आने का न्योता
मुख्यमंत्री साय ने प्रतियोगिता में शामिल देश-विदेश के खिलाड़ियों को छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता और जनजातीय संस्कृति देखने का न्योता दिया।
उन्होंने बस्तर और सरगुजा की प्राकृतिक खूबसूरती का उल्लेख करते हुए खिलाड़ियों से टूर्नामेंट के साथ समय निकालकर प्रदेश के पर्यटन स्थलों को देखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी यहां से लौटें तो अपने साथ प्रतियोगिता की यादों के साथ छत्तीसगढ़ के आत्मीय आतिथ्य और खूबसूरत स्मृतियां भी लेकर जाएं।
कपिल देव बोले- हर साल हो बड़ा गोल्फ टूर्नामेंट
पीजीटीआई अध्यक्ष और 1983 विश्वकप विजेता कप्तान कपिल देव ने आयोजन में सहयोग के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और छत्तीसगढ़ सरकार का आभार जताया।
उन्होंने इच्छा व्यक्त की कि इस प्रतिष्ठित गोल्फ प्रतियोगिता का आयोजन छत्तीसगढ़ में हर वर्ष हो और आने वाले वर्षों की तारीखें पहले से निर्धारित की जाएं, ताकि देश-विदेश के प्रोफेशनल खिलाड़ी अपने टूर्नामेंट कैलेंडर के अनुसार यहां आने की योजना बना सकें।
कपिल देव ने कहा कि छत्तीसगढ़ का वातावरण गोल्फ के लिए अनुकूल है। उन्होंने विश्वास जताया कि जिस तरह दिल्ली, बेंगलुरु और कोलकाता गोल्फ के महत्वपूर्ण केंद्रों के रूप में जाने जाते हैं, उसी तरह भविष्य में छत्तीसगढ़ भी देश के प्रमुख गोल्फ डेस्टिनेशन के रूप में पहचान बनाएगा।
नवा रायपुर को गोल्फ मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में कदम
पीजीटीआई के सीईओ अमनदीप चहल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खिलाड़ियों का आत्मीय स्वागत होता है और यहां के वातावरण, गोल्फ कोर्स तथा व्यवस्थाओं से खिलाड़ी प्रभावित हैं।
‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ देश-विदेश के प्रोफेशनल खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धा का मंच देने के साथ नवा रायपुर और छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय गोल्फ मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। लगातार बड़े खेल आयोजनों और बेहतर होती खेल अधोसंरचना से छत्तीसगढ़ के उभरते स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन के रूप में आगे बढ़ने की संभावनाएं और मजबूत हुई हैं।


