रायपुर के तेलीबांधा मरीन ड्राइव में सड़क किनारे मिट्टी के दीये बेच रही मीरा के लिए मंगलवार का दिन यादगार बन गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अचानक उसके छोटे से पसरे पर पहुंचे और उससे आत्मीयता से बातचीत की।
मुख्यमंत्री ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित होने वाले ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के लिए मीरा से वहीं एक मिट्टी का दीया खरीदा। इसके साथ ही उन्होंने मीरा को 1,000 रुपये दिए और उसके श्रम एवं स्वावलंबन का सम्मान किया।
CM साय ने योजनाओं की ली जानकारी
मुख्यमंत्री ने बिना किसी औपचारिकता के मीरा से उसके कामकाज और परिवार के बारे में जानकारी ली। उन्होंने पूछा कि क्या उसे केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
मीरा ने बताया कि उसका प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत बैंक खाता खुला हुआ है। उसने यह भी बताया कि उसे राज्य सरकार की महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने 1,000 रुपये की राशि मिल रही है।
मीरा को योजनाओं का लाभ मिलने की जानकारी पर मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं की सफलता तभी है, जब उनका लाभ सीधे जरूरतमंद लोगों तक पहुंचे और उनके जीवन को बेहतर बनाने में मदद करे।
स्थानीय विक्रेताओं के सम्मान का संदेश
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सड़क किनारे छोटे विक्रेता, कुम्हार, शिल्पकार और स्थानीय उत्पाद तैयार करने वाली महिलाएं अपने श्रम और हुनर से आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ की ताकत बन रही हैं। ऐसे लोगों को प्रोत्साहित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पाद खरीदना केवल किसी वस्तु की खरीदारी नहीं है। उसके पीछे किसी परिवार की मेहनत, किसी कारीगर का हुनर और किसी छोटे व्यवसायी की आजीविका जुड़ी होती है।
‘आशीर्वाद का दीया’ बनेगा जनभागीदारी का प्रतीक
मुख्यमंत्री द्वारा मीरा से खरीदा गया मिट्टी का दीया अब ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का हिस्सा बनेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी संस्कृति में दीया केवल रोशनी का माध्यम नहीं, बल्कि आशा और सकारात्मक संकल्प का प्रतीक है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से सेवा संकल्प अभियान में सक्रिय रूप से शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जरूरतमंदों की मदद, पौधारोपण या स्थानीय कारीगर से सामान खरीदना भी जनसेवा का माध्यम बन सकता है।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने 17 सितंबर की शाम 7 बजे हर परिवार से ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने का आह्वान किया है।
एक दीये में सेवा और स्वावलंबन का संदेश
तेलीबांधा मरीन ड्राइव के छोटे से पसरे से मुख्यमंत्री द्वारा खरीदा गया मिट्टी का दीया स्थानीय श्रम, स्वावलंबन और जनभागीदारी का संदेश दे गया।
एक ओर इससे मेहनत कर आजीविका कमाने वाली मीरा के काम को सम्मान मिला, वहीं दूसरी ओर जनधन और महतारी वंदन जैसी योजनाओं की जमीनी पहुंच भी सामने आई।


