रायपुर, 31 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस (1 नवंबर) के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की स्थापना के 26 वर्ष पूरे होना प्रदेश के लिए गौरव का अवसर है। यह दिन राज्य की उपलब्धियों पर गर्व करने और उज्ज्वल भविष्य के लिए नए संकल्प लेने का अवसर भी है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी का स्मरण करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व और दृढ़ संकल्प से छत्तीसगढ़ राज्य का सपना साकार हुआ। पृथक राज्य के गठन से प्रदेशवासियों की आशाओं और आकांक्षाओं को नई पहचान मिली तथा विकास की नई संभावनाओं के द्वार खुले। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अटल जी के समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ के सपने को साकार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
लाल आतंक से मुक्ति के बाद शांति और विकास की ओर छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष का राज्योत्सव कई मायनों में ऐतिहासिक और विशेष है। उनके अनुसार, यह पहला राज्योत्सव है, जब छत्तीसगढ़ लाल आतंक से मुक्त होकर शांति, विश्वास और विकास के नए युग की ओर अग्रसर है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प और डबल इंजन सरकार के निरंतर प्रयासों से यह ऐतिहासिक उपलब्धि संभव हुई है। इस सफलता में वीर जवानों के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान का अविस्मरणीय योगदान है, जिसे प्रदेश सदैव कृतज्ञतापूर्वक याद करेगा।
हर गांव में खुशहाली और युवाओं को बेहतर अवसर देने का संकल्प
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ के हर गांव में खुशहाली लाना, प्रत्येक युवा को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना और विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक संसाधनों और जनशक्ति के सामर्थ्य के साथ विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।
2047 तक समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ बनाने का आह्वान
मुख्यमंत्री ने राज्य स्थापना दिवस को उपलब्धियों पर गर्व करने के साथ भविष्य के लिए नए संकल्प लेने का अवसर बताया। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि सभी मिलकर वर्ष 2047 तक छत्तीसगढ़ को समृद्ध, सशक्त और विकसित राज्य बनाने का संकल्प लें तथा इस लक्ष्य को साकार करने में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

