रायपुर, 3 नवंबर 2026। जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत संचालित शासकीय उचित मूल्य की दुकानों में शक्कर की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था सामान्य रूप से जारी है। जिला प्रशासन और खाद्य विभाग लगातार आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं, ताकि पात्र हितग्राहियों को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार समय पर राशन सामग्री मिल सके।
खाद्य विभाग के जिला कार्यालय की खाद्य शाखा द्वारा जिले की सभी उचित मूल्य दुकानों में शक्कर के स्टॉक, उपलब्धता और वितरण की स्थिति की नियमित समीक्षा की जा रही है।
शक्कर की आपूर्ति बंद होने की खबर को बताया भ्रामक
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कुछ माध्यमों में जिले में शक्कर की आपूर्ति पूरी तरह बंद होने संबंधी खबरें प्रसारित की जा रही हैं, जो तथ्यहीन और भ्रामक हैं। जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत शक्कर की उपलब्धता और वितरण का कार्य सामान्य रूप से संचालित हो रहा है।
हितग्राहियों से भ्रामक खबरों पर ध्यान न देने की अपील
प्रशासन ने राशन कार्डधारी हितग्राहियों से अपील की है कि वे अप्रमाणित खबरों पर ध्यान न दें। पात्र हितग्राही शासकीय उचित मूल्य की दुकानों से निर्धारित व्यवस्था के अनुसार शक्कर के साथ माह का राशन भी प्राप्त कर सकते हैं।
जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि खाद्य विभाग द्वारा राशन सामग्री की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि हितग्राहियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

