जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जमीन से लेकर आसमान तक कड़ी सुरक्षा की व्यवस्था की गई है। पुलिस महानिरीक्षक की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार उड़ीसा, आंध्रप्रदेश, तेलंगाना सीमा को सील कर चार राज्यों की पुलिस गश्त कर रहे हैं, जिसमें आंध्रपद्रेश के ग्रेहंट फोर्स भी शामिल हैं।
बस्तर में शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए केन्द्रीय सुरक्षा बल, कोबरा बटालियन, स्पेशल टास्क फोर्स, जिला रिजर्व पुलिस बल के साथ महिला कमांडो भी अंदरूनी इलाकों में तैनात किया गया है। हेलिकाप्टर, डोन से नक्सली इलाकों में निगरानी रखी गई है।
छत्तीसगढ़ के 12 विधानसभा क्षेत्रों वाले बस्तर संभाग में लगभग 60 हजार जवानों की तैनाती की गई है. इसमें 40 हजार केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) एवं 20 हजार राज्य पुलिस के जवान शामिल हैं.
बता दें कि राज्य की 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए 7 और 17 नवंबर को दो चरणों में वोटिंग है. पहले चरण में 20 निर्वाचन क्षेत्रों में वोटिंग होगी. बस्तर संभाग की 12 विधानसभा सीटें इस वोटिंग के चरण में शामिल है. वोटिंग के लिए 20 विधानसभा सीटों पर 5304 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं.

