कोरबा। दो महीने पहले बांगो के लेपरा गांव की युवती के लापता होने और 15 लाख रुपए फिरौती मांगने का मामला हत्या करके जंगल में शव दफनाने निकला। हत्या युवती के प्रेमी ने की थी। पहले उसने रिलेशनशिप बनाया फिर उसे मौत के घाट उतार दिया। शव को दोस्तों के मदद से जंगल में दफना दिया। पुलिस ने मामले में प्रेमी समेत 5 आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बांगो थाना अंतर्गत लेपरा गांव की एक युवती 28 सितंबर यानी कि 2 महीने पहले कोरबा जाने की बात कहकर घर से निकली, फिर वापस घर नहीं लौटी। बेटी के घर नहीं लौटने से परिजन काफी चितिंत हो गए। इसी दौरान एक अनजान नंबर से मोबाइल पर फोन आता है, फोन पर सामने वाला अज्ञात व्यक्ति बोलता है कि तुम्हारी बेटी मेरे कब्जे में हैं, छोड़ने के एवज में 15 लाख रुपए के फिरौती की डिमांड आरोपी करता है। नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देता है। फिर परिजन मामले की शिकायत लेकर एसपी ऑफिस पहुंचते है, एसपी के सामने परिजन युवती को बचाने की गुहार लगाते हैं।
एसपी जितेंद्र शुक्ला ने बांगो थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष नागर को मामले में त्वरित कार्रवाई कर जांच पड़ताल के निर्देश दिए। अपहरण का मामला दर्ज करते हुए टीम गठित कर जांच शुरू की। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सोनू लाल साहू (27) समेत जीवा राव (19), संदीप भोई (21), सुरेंद्र भाई (21) व विरेंद्र भोई (19) को पकड़ा। आरोपियों में सोनू से मृत युवती का प्रेम संबंध था। गांव से उससे मिलने पहुंची थी।

