जशपुरनगर। पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत खरकट्टा में एक ट्रैक्टर अंनियत्रित होकर पुलिया से नीचे गिर गया। हादसे में चालक बाल-बाल बच गया। घटना बुधवार सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। हादसा इतना भयानक था कि ट्रैक्टर के इंजन के परखच्चे उड़ गए। ग्राम खरकट्टा के ठेठरेंगपारा निवासी नवल बखला (25) पिता सतानंद बखला खेत में रखे धान को लाने बावापारा जा रहा था, तभी तमता से पत्थलगांव मुख्य मार्ग में बावापारा जाने वाले मार्ग में बनी पुलिया में तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर नीचे गिर गया। वहीं, ट्रॉली पुलिया में ही लटक गया। ट्रैक्टर की रफ्तार तेज थी, जिससे चालक वाहन को कंट्रोल नहीं कर पाया और ट्रैक्टर पुलिया से नीचे जा गिरा।
हादसे में ट्रैक्टर के नीचे चालक दब गया। ट्रैक्टर में एक मजदूर भी बैठा था, जिसने कूदकर अपनी जान बचाई। वहीं मौजूद ग्रामीणों की नजर पड़ी तो मदद के लिए तत्काल पहुंचे। आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद वाहन के नीचे फंसे चालक को किसी तरह बाहर निकाला गया। गंभीर रुप से घायल चालक को प्राइवेट वाहन से इलाज के लिए पत्थलगांव के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसका इलाज जारी है। चालक की हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है।

