जशपुर। जिले में उठाईगिरी मामले में पुलिस ने तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है.त्यौहार के दौरान चेन स्नैचिंग, पर्स, रकम चोरी जैसी घटनाओं को ये महिलाएं अंजाम देती थी. ये महिलाएं जशपुर में उठाईगिरी करने वाली राजगढ़ गिरोह की महिलाएं हैं. जशपुर सिटी कोतवाली पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार किया है. मामले में पुलिस ने तीनों ही महिलाओं पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है. साथ ही पुलिस ने लोगों से आस-पास मौजूद संदेहियों की सूचना देने की अपील की है.
जानकारी के मुताबिक कुछ दिनों पहले बैंक ऑफ बड़ौदा में एक शख्स के थैले को काटकर पांच हजार रुपए निकालने की शिकायत थाना जशपुर में की गई थी. इसके बाद से ही बैंक एवं सर्राफा दुकानों के आसपास लगातार सादी वर्दी में महिला पुलिसकर्मी और पुरुष कर्मचारी तैनात कर दिया गया. गुरुवार को संदेह होने पर बैंक ऑफ बड़ौदा के सामने ये तीन महिलाएं पुलिस को मिली. जिन्हें महिला कर्मचारियों ने पकड़ कर पूछताछ के लिए थाने लाया. पूछताछ के दौरान महिलाओं ने अपना जुर्म कबूल किया है. इन महिलाओं को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है.

