आगरा आगरा के नालंदा टाउन (ताजगंज) में नौकरानी खाने में नशीली दवा मिला देती थी। मालकिन और उनके बच्चे दिनभर सोते रहते थे। पहले उन्हें लग रहा था कि मौसम का असर है। चुपचाप सीसीटीवी कैमरे लगवाए। नौकरानी उसमें कैद हो गई। पीड़ित दंपति ने थाने में तहरीर दी है। इतना ही नहीं नौकरानी फर्श से मिट्टी उठाकर भी सब्जी में मिला देती थी। यह दृश्य भी सीसीटीवी में कैद हुआ है।
गृहस्वामिनी ने बताया कि कामवाली का बच्चा दिन में बैग लेकर आता था। उन्होंने कभी शक नहीं किया। बाद में अहसास हुआ कि घर का खाने का सामान बैग में छिपाकर अपने घर भेज देती थी। गुपचुप सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए। पत्नी ने एक दिन रिकार्डिंग में देखा कि कामवाली अपने कपड़ों से निकालकर खाने में कुछ मिला रही थी। उस दिन पत्नी को शक हुआ। पत्नी ने बताया कि दिनभर उसे और बच्चों को नींद आती रहती थी। उन्हें लगता था कि सर्दी अधिक है। मौसम के कारण आलस आता है। बाद में पता चला कि उन्हें तो नशीली दवा देकर सुला दिया जाता था। उस दिन उनके होश उड़ गए जब देखा कि कामवाली सब्जी में फर्श से उठाकर मिट्टी तक खाने में मिला देती है। उन्होंने उसे टोका। रिकार्डिंग दिखाई। रिकार्डिंग देखते ही वह आग बबूला हो गई। कहने लगी किसी से शिकायत की तो खैर नहीं है।
बलदीप सिंह भाटिया व उनकी पत्नी कमलजीत कौर ने थाने में पहुंचकर तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में एक कामवाली से संपर्क हुआ। उसके बच्चे की तबियत खराब थी। उन्होंने उसकी आर्थिक मदद की। नवंबर 2023 में वह कामवाली उनके पास आई। उन्होंने उसे खाना बनाने के लिए रख लिया। उस दौरान उनके घर में जीर्णोद्धार का काम हुआ था। सीसीटीवी कैमरे हट गए थे। रसोई से सामान गायब होने लगा। राशन ज्यादा लगने लगा। घी समय से पहले खत्म होने लगा। दाल और चावल भी कम पड़ने लगे। पत्नी को शक हुआ। पत्नी ने कहा कि कामवाली चोरी करती है। उनके पास कोई साक्ष्य नहीं था।

