अंबिकापुर। अंबिकापुर जिला में सीटिंग MLA के नाम पर ट्रैफिक विभाग के ASI को धमकाने का मामला सामने आया है। ट्रैफिक विभाग में पदस्थ एएसआई ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करायी है कि ड्यूटी के दौरान पिकअप को जांच के लिए रोका गया, तब पिकअप के मालिक ने खुद को अंबिकापुर विधायक का भतीजा बताते हुए गाली-गलौज करने के बाद उसे बस्तर ट्रांसफर कराने की धमकी दे दी। एएसआई की इस शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पिकअप के मालिक के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसकी सारी हेकड़ी निकाल दी है।
जानकारी के मुताबिक पूरा लखनपुर थाने क्षेत्र का है। पीड़ित एएसआई हिजनुस कुजूर ने लखनपुर पुलिस में शिकायत दर्ज कराया है कि वह यातायात शाखा अंबिकापुर में पदस्थ है और इंटरसेप्टर शासकीय वाहन क्रमांक सीजी 03-9903 में कार्यरत है। उसने बताया कि 30 अप्रैल की दोपहर वह यातायात प्रभारी के आदेश पर आरक्षकों के साथ नेशनल हाईवे 130 पर रजपुरी के पास वाहनों की चेकिंग की ड्यूटी में तैनात किया गया था।
एएसआई कुजूर ने बताया कि वाहन चेकिंग के दौरान लखनपुर की ओर से आ रही बिना नंबर की सफेद पिकअप को जांच के लिए रोका गया। पिकअप के ड्राइवर ने गाड़ी का कोई दस्तावेज नहीं दिखाया। गाड़ी में नंबर प्लेट पर नंबर भी नही था। पूछताछ में ड्राइवर ने पिकअप का नंबर सीजी 15 एसी 1123 होना बताया। पिकअप का नंबर ई-चालान मशीन में चेक करने पर फिटनेस और प्रदूषण सर्टिफिकेट फेल होना पाया गया। पिकअप का पिछला चालान भी पेडिंग मिला।
चालान काटने की जानकारी दिए जाने पर उसने पिकअप के मालिक राकेश अग्रवाल को फोन लगाया और एएसआई कुजूर से बात कराई। एएसआई ने आरोप लगाया है कि राकेश अग्रवाल ने मोबाइल पर कहा कि….मेरे गाड़ी का चालान नहीं काटोगे, जानते नहीं मैं कौन हूं, राजेश अग्रवाल विधायक अंबिकापुर का भतीजा हूं। तुम पुलिस वाले गुंडागर्दी करोगे तो बस्तर ट्रांसफर करवा दूंगा। इसके कुछ देर बाद राकेश अग्रवाल मौके पर पहुंचने के बाद भी पुलिस कर्मियों के साथ चालानी कार्रवाई की बात को लेकर विवाद करने लगा। पुलिस ने इसके बाद आरोपी राकेश अग्रवाल ने पुलिस कर्मियों को धमकाते हुए उनकी शिकायत सीएम से करने की भी बात कही
एएसआई हिजनुस कुजूर की रिपोर्ट पर लखनपुर थाना में पुलिस ने राकेश अग्रवाल के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 296, 351(2), 221, 224 BNS एक्ट, MV एक्ट की धारा 179(1) एवं 3-1(आर),3-1(ए) एससी/एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। वहीं, विधायक राजेश अग्रवाल के परिवारजनों ने बताया कि युवक राजेश अग्रवाल उनके परिवार का सदस्य नहीं है, बल्कि दूसरे परिवार का है। लखनपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

