कोरबा। कोरबा जिले से इस वक्त की बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। कटघोरा जनपद पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष एवं भाजपा नेता अक्षय गर्ग की दिनदहाड़े अज्ञात कार सवार बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। स्थानीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं, वहीं कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना जटगा पुलिस चौकी क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि भाजपा नेता अक्षय गर्ग ग्राम केसलपुर में चल रहे सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण करने सुबह पहुंचे थे। इसी दौरान एक कार में सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया और धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर फरार हो गए।
हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से अक्षय गर्ग को आनन-फानन में कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दिनदहाड़े भाजपा नेता की हत्या की खबर फैलते ही जिले में सनसनी फैल गई। इस मामले में कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मिल चुकी है और वे स्वयं मौके पर पहुंचकर जांच करेंगे। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमलावर कौन थे और किस कारण से हत्या की गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार हत्या के पीछे व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा की आशंका भी जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर दी है और फरार कार सवार तीनों आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। मामले की जांच जारी है।


