सतना। सतना जिले के नागौद थाना परिसर में उस वक्त हंगामे की स्थिति बन गई, जब मारपीट के एक पुराने मामले में आरोपी की गिरफ्तारी से नाराज उसकी बेटी थाने पहुंच गई। युवती ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों का मोबाइल से वीडियो भी बनाया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार, नागौद निवासी बालमुकुंद पाठक के खिलाफ करीब एक वर्ष पहले मारपीट का मामला दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने कई बार आरोपी को थाने बुलाया, लेकिन वह पेश नहीं हुआ। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे उसके घर से गिरफ्तार कर नागौद थाना लाया।
पिता की गिरफ्तारी से भड़की बेटी
जैसे ही आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी परिजनों को मिली, वे थाने पहुंच गए। इसी दौरान आरोपी की बेटी ने नाराजगी जताते हुए थाने परिसर में हंगामा शुरू कर दिया और मोबाइल फोन से पुलिसकर्मियों का वीडियो रिकॉर्ड करने लगी।
जमानती धाराओं में दर्ज था मामला
पुलिस ने बताया कि मामला जमानती धाराओं में दर्ज था। सभी आवश्यक वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद आरोपी बालमुकुंद पाठक को जमानत पर रिहा कर दिया गया। इसके बाद परिजन शांत हुए और स्थिति सामान्य हो गई।

