आरंग। रायपुर जिले के आरंग विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कुरूद (कु.) क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत की ओर से इस संबंध में जिला प्रशासन को लिखित शिकायत भेजी गई है, जिसमें बताया गया है कि महानदी से लगातार नियमों को दरकिनार कर रेत निकाली जा रही है।
शिकायत के अनुसार बिना किसी वैध अनुमति के दिन-रात भारी मशीनों के जरिए रेत उत्खनन किया जा रहा है। इससे नदी के किनारे कटाव बढ़ रहा है और पेड़-पौधे गिरने से पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि रेत से भरे भारी वाहनों की आवाजाही से धूल का गुबार बना रहता है, जिससे किसानों की फसलों को नुकसान हो रहा है और राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्राम पंचायत ने यह भी बताया कि जिस मार्ग से रेत का परिवहन हो रहा है, उसी मार्ग पर प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय स्थित हैं। लगातार भारी वाहनों के आवागमन से बच्चों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है और पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। इसके अलावा अवैध रेत घाट के कारण गांव में तनाव की स्थिति बनी रहती है और आए दिन विवाद की आशंका बनी रहती है।
ग्राम पंचायत ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। पंचायत ने उम्मीद जताई है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो हालात और बिगड़ सकते हैं।

