सहारनपुर। जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव घर के अंदर मिले हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत
मिली जानकारी के अनुसार, तहसील कर्मचारी अशोक कुमार सहित उनके परिवार के पांच सदस्यों की मौत हुई है। घटनास्थल से तीन हथियार मिलने की भी जानकारी सामने आई है। मृतकों के शरीर पर गोलियों के निशान पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
मृतकों की पहचान
मृतकों में
- संग्रह अमीन अशोक कुमार (40)
- उनकी मां विद्यावती (70)
- पत्नी अंजिता (35)
- बेटा कार्तिक (16)
- बेटा देव (13)
शामिल हैं।
गोलियों से हुई मौत, जांच जारी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अशोक कुमार की कनपटी पर गोली लगी है, जबकि उनकी मां, पत्नी और दोनों बेटों को माथे पर गोली मारी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे और साक्ष्य संकलन की कार्रवाई शुरू की गई। घटनास्थल से एक तमंचा भी बरामद किया गया है।
पड़ोसियों को नहीं थी किसी विवाद की जानकारी
पुलिस के अनुसार, अशोक कुमार नकुड़ तहसील में संग्रह अमीन के पद पर कार्यरत थे और कुछ समय से सरसावा कस्बे में किराए के मकान में परिवार के साथ रह रहे थे। पड़ोसियों ने बताया कि परिवार शांत स्वभाव का था और किसी तरह के विवाद या तनाव की जानकारी पहले नहीं थी। मंगलवार सुबह काफी देर तक घर से कोई हलचल न होने पर संदेह हुआ, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पीएम रिपोर्ट का इंतजार
फिलहाल पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं परिवार पर कर्ज या किसी प्रकार का दबाव तो नहीं था। इस सामूहिक मौत की घटना से पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

