रायपुर। राज्य शासन द्वारा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नवनियुक्त सलाहकार आर. कृष्णा दास को केबिनेट मंत्री का दर्जा प्रदान किया गया है। इस निर्णय के साथ ही प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में इसकी व्यापक चर्चा शुरू हो गई है।
उल्लेखनीय है कि राज्य शासन ने वरिष्ठ पत्रकार आर. कृष्णा दास को मुख्यमंत्री का सलाहकार नियुक्त किया है। सामान्य प्रशासन विभाग मंत्रालय, महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर से जारी आदेश के अनुसार आर. कृष्णा दास को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अपने दायित्वों के अंतर्गत आर. कृष्णा दास माननीय मुख्यमंत्री को मीडिया से जुड़े विषयों के साथ-साथ अन्य महत्वपूर्ण मामलों पर परामर्श देंगे। लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहने के कारण उनके अनुभव का लाभ शासन को मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
नवनियुक्त सलाहकार आर. कृष्णा दास ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से उनके निवास कार्यालय में सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि आर. कृष्णा दास अपने अनुभव और समझ के आधार पर दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करेंगे और शासन तथा मीडिया के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

