राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है। छत्तीसगढ़ी सिनेमा के निर्माता मोहित साहू पर एक युवती ने गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का आरोप है कि निर्माता ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और धोखाधड़ी करते हुए उसे झांसे में लिया।
घटना सामने आने के बाद छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री में हड़कंप मच गया है। पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि मोहित साहू उसे बहला-फुसलाकर उज्जैन ले गया, जहां उसने उससे शादी की। हालांकि रायपुर लौटने के बाद मोहित साहू ने शादी से इनकार कर दिया।
पीड़िता का दावा है कि मोहित साहू पहले से शादीशुदा है और उसने यह सच्चाई उससे छिपाई। आरोप है कि उसने जबरदस्ती शादी की और बाद में अपने पहले से विवाहित होने की बात स्वीकार नहीं की। युवती ने यह भी बताया कि निर्माता उसे और अपनी पहली पत्नी को अलग-अलग जगह पर रख रहा था।
युवती ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए कहा कि जब उसे मोहित साहू की पहली शादी और उसकी दोहरी जिंदगी की सच्चाई पता चली, तो दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि मोहित साहू ने भाटागांव स्थित सिल्वर वॉक के ब्लॉक नंबर 410 में युवती के घर में घुसकर उस पर हमला कर दिया।
आरोप है कि निर्माता मोहित साहू ने किसी ठोस वस्तु से युवती की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुरानी बस्ती पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी निर्माता मोहित साहू के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी।


