नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब शहर के पांच प्रमुख स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ। धमकी की सूचना मिलते ही स्कूल प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं।
धमकी पाने वाले स्कूलों में दिल्ली कैंट स्थित लोरेटो कॉन्वेंट स्कूल, चितरंजन पार्क का डॉन बॉस्को स्कूल, आनंद निकेतन और द्वारका का कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल तथा लोधी एस्टेट स्थित सरदार पटेल विद्यालय शामिल हैं। ईमेल मिलते ही एहतियातन सभी स्कूल परिसरों को तुरंत खाली करा लिया गया और छात्रों व स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाल दिया गया।
सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और दिल्ली फायर सर्विसेज की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्कूल परिसरों में गहन तलाशी अभियान शुरू किया। दिल्ली फायर सर्विसेज के एक अधिकारी ने बताया कि अब तक किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन मानक सुरक्षा प्रक्रिया के तहत हर कोने की बारीकी से जांच की जा रही है।
लोधी एस्टेट स्थित सरदार पटेल विद्यालय प्रबंधन ने अभिभावकों को संदेश भेजकर स्थिति की जानकारी दी और बाद में स्पष्ट किया कि बम निरोधक दस्ते द्वारा पूरे परिसर को सुरक्षित घोषित कर दिया गया है। स्कूल प्रशासन ने कहा कि छात्रों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी आवश्यक सुरक्षा प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन किया गया है। स्कूल में कक्षाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर सेल जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह एक फर्जी धमकी हो सकती है। गौरतलब है कि हाल के महीनों में दिल्ली-एनसीआर के कई स्कूलों को इस तरह की फर्जी बम धमकियां मिल चुकी हैं, जिससे अभिभावकों और स्कूल प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।

