लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। दिवंगत शायर मुनव्वर राणा की बेटी हिबा राणा ने अपने पति और ससुर के खिलाफ तीन तलाक, दहेज उत्पीड़न और मारपीट का गंभीर आरोप लगाते हुए नामजद एफआईआर दर्ज कराई है। यह मामला लखनऊ के सआदतगंज थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
हिबा राणा ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि निकाह के बाद से ही ससुराल पक्ष की ओर से लगातार दहेज की मांग की जाती रही। उन्होंने बताया कि शुरुआत में मांगें पूरी की जाती रहीं, लेकिन हर बार मांग पूरी होने के बाद नई मांग सामने रख दी जाती थी। जब इन मांगों का विरोध किया गया, तो उनके साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की जाने लगी।
पीड़िता का आरोप है कि उनके पति ने उन्हें तीन बार तलाक बोलकर घर से निकाल दिया। इस संबंध में सआदतगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी के अनुसार मामले में भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
हिबा राणा लखनऊ के करीमगंज इलाके की निवासी हैं। उन्होंने पति और ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न, शारीरिक हिंसा और तीन तलाक देने का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है।
हिबा ने बताया कि उनका निकाह 19 दिसंबर 2013 को सैय्यद मोहम्मद साकिब पुत्र सैय्यद हसीब अहमद, निवासी सकीरये हाउस, करीमगंज से सुन्नी रीति-रिवाज से हुआ था। निकाह के समय परिजनों ने सोने और हीरे के आभूषणों के साथ करीब 10 लाख रुपये नगद भी दिए थे। हिबा और उनके पति के दो बच्चे हैं, जिनका नाम सैय्यद फवाज और हय्याम फातिमा है।
पीड़िता के अनुसार, निकाह के बाद ससुराल पहुंचते ही उनसे 20 लाख रुपये और एक फ्लैट की मांग की जाने लगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार उनके मायके वालों ने मांगें पूरी भी कीं। इसके बावजूद पति आए दिन मारपीट करता था और कई बार जान से मारने की कोशिश भी की गई। हिबा का यह भी आरोप है कि ससुर द्वारा भी लगातार दहेज को लेकर प्रताड़ित किया जाता था।
अपनी शिकायत में हिबा राणा ने बताया कि 9 अप्रैल 2025 को पति ने गाली-गलौज करते हुए बेरहमी से मारपीट की। इसी दौरान उनकी बहन आर्शिया राणा उर्फ टीना मौके पर पहुंचीं, जिससे पति और अधिक आक्रोशित हो गया। आरोप है कि इसके बाद पति ने तीन बार तलाक कहते हुए हिबा को धक्के मारकर घर से बाहर निकाल दिया और दोनों बच्चों को कमरे में बंद कर दिया।
पीड़िता ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


