कांकेर। जिले के सीमावर्ती जंगलों में सुरक्षाबलों ने एक बड़ी नक्सली साजिश को नाकाम कर दिया है। सर्चिंग पर निकली संयुक्त टीम को कांकेर–नारायणपुर सीमा क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा डंप किया गया भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक सामग्री और नक्सल साहित्य बरामद हुआ है। समय रहते हुई इस कार्रवाई से संभावित बड़ी नक्सली घटना टल गई है।
बस्तर रेंज में नक्सल उन्मूलन अभियान लगातार तेज किया जा रहा है। आईजी पी. सुंदरराज के निर्देशन तथा एसपी कांकेर निखिल राखेचा के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया जा रहा है। इस ऑपरेशन में बीएसएफ डीआईजी ओम प्रकाश तथा 94वीं वाहिनी बीएसएफ के सेनानी राघवेंद्र सिंह का विशेष सहयोग रहा।
नक्सल विरोधी अभियान के तहत डीआरजी और बीएसएफ की संयुक्त टीम 13 फरवरी को थाना छोटेबेठिया क्षेत्र के ग्राम बीनागुंडा के पास सर्चिंग पर निकली थी। इसी दौरान जंगल में छिपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटक सामग्री का बड़ा जखीरा बरामद किया गया। बरामद सामग्री को जब्त कर थाना छोटेबेठिया में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

