रायपुर। राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब भोपाल से आ रही एक यात्री विमान की लैंडिंग अंतिम क्षणों में टल गई। विमान ने रनवे को छूने के बाद अचानक दोबारा उड़ान भर ली, जिससे यात्रियों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शी यात्रियों के मुताबिक, विमान सामान्य प्रक्रिया के तहत लैंडिंग के लिए नीचे आ चुका था और रनवे को टच भी कर लिया था। इसी दौरान पायलट ने किसी तकनीकी या परिचालन कारण से तुरंत ‘गो-अराउंड’ प्रक्रिया अपनाई और विमान को दोबारा आसमान की ओर मोड़ दिया।
अचानक विमान के तेज़ी से ऊपर उठने पर केबिन में सन्नाटा और बेचैनी का माहौल बन गया। कई यात्रियों को समझ नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों में घबराहट अधिक देखी गई।
घटना के बाद विमान कुछ समय तक रायपुर शहर के ऊपर चक्कर लगाता रहा। आवश्यक जांच और अनुमति मिलने के बाद विमान को सुरक्षित रूप से रायपुर एयरपोर्ट पर लैंड करा लिया गया।
एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से इसे एहतियाती कदम बताया जा रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, ‘गो-अराउंड’ प्रक्रिया विमानन सुरक्षा का एक सामान्य हिस्सा है, जिसे किसी भी संभावित जोखिम से बचने के लिए अपनाया जाता है।
हालांकि कुछ मिनटों की इस घटना ने यात्रियों की धड़कनें जरूर बढ़ा दीं, लेकिन अंततः सबकुछ सुरक्षित और सामान्य रहा।

