रायपुर। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर राजधानी रायपुर शिवमय हो उठा। भगवान भूतेश्वर नाथ की भव्य और अलौकिक बारात भूत-पिशाचों के वेश में सजे शिवगणों के साथ शहर के प्रमुख मार्गों से निकली। उज्जैन की तर्ज पर सजी विशेष पालकी में भगवान शिव की प्रतिमा विराजित थी, जिसे आकर्षक साज-सज्जा से सजाया गया था।
ढोल-नगाड़ों की गूंज, शंखनाद और “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा शहर गूंज उठा। श्रद्धालु जगह-जगह पुष्प वर्षा कर भगवान का स्वागत करते नजर आए।
🎭 शिवगणों की अनोखी प्रस्तुति बनी आकर्षण
भोलेनाथ की बारात में भूत-पिशाचों का वेश धारण किए कलाकार मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे। महादेव घाट स्थित हटकेश्वर नाथ महादेव अर्धनारीश्वर स्वरूप में सुसज्जित पालकी पर विराजमान होकर निकले, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
🚦 लाखेनगर में लगा जाम, उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
पुरानी बस्ती और लाखेनगर चौक में भक्तों का जनसैलाब देखने को मिला। लाखेनगर चौक पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण कुछ समय के लिए ट्रैफिक जाम की स्थिति भी बन गई। हालांकि प्रशासन द्वारा सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
जगह-जगह स्वागत मंच बनाए गए थे, जहां श्रद्धालुओं ने आरती उतारी और प्रसाद वितरण किया गया। पूरे आयोजन में उत्साह, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।

