बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले से बड़ी खबर सामने आई है। वर्ष 2023 में हुए बिरनपुर हिंसा प्रकरण में जिला न्यायालय ने फैसला सुनाते हुए जेल में बंद 17 आरोपियों को दोषमुक्त कर दिया है।
यह मामला 8 अप्रैल 2023 को साजा ब्लॉक के बिरनपुर गांव में हुई हिंसक घटना से जुड़ा है। उस दौरान हुए विवाद में भुवनेश्वर साहू समेत तीन लोगों की मौत हुई थी। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया था।
बताया जाता है कि गांव में दो बच्चों के बीच मामूली विवाद के बाद स्थिति बिगड़ गई और हिंसा में बदल गई। 8 अप्रैल को हुई घटना में 22 वर्षीय भुवनेश्वर साहू की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद 11 अप्रैल को मुस्लिम समुदाय के पिता-पुत्र रहीम मोहम्मद और ईदुल मोहम्मद के शव बरामद हुए थे। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में व्यापक तनाव पैदा कर दिया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने इसकी सीबीआई जांच की घोषणा की थी। विधानसभा सत्र के दौरान डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने इसकी जानकारी दी थी। इस मुद्दे को सदन में विधायक ईश्वर साहू ने उठाया था, जिन्होंने हिंसा में अपने पुत्र को खोया था।
गौरतलब है कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने ईश्वर साहू को साजा विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया था। उन्होंने चुनाव में जीत दर्ज की थी।
जिला न्यायालय द्वारा सुनाए गए ताजा फैसले में 17 आरोपियों को दोषमुक्त कर दिया गया है। हालांकि, विस्तृत आदेश और कानूनी आधार की जानकारी आना बाकी है।

