जशपुरनगर। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन संकल्प के साथ प्रदेश में जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य है कि प्रत्येक पात्र परिवार तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे और उनके जीवन में वास्तविक परिवर्तन आए।
इसी कड़ी में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गरीब एवं जरूरतमंद महिलाओं को निःशुल्क गैस कनेक्शन प्रदान किए जा रहे हैं। इस योजना से महिलाओं को पारंपरिक चूल्हे के धुएं से मुक्ति मिल रही है और उनका जीवन अधिक सुरक्षित व सुविधाजनक बन रहा है।
बगीचा में आयोजित कार्यक्रम में वितरित हुए कनेक्शन
जशपुर जिले के विकासखंड बगीचा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पात्र महिलाओं को गैस कनेक्शन वितरित किए गए। लाभार्थियों ने इस अवसर पर सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
विकासखंड बगीचा की निवासी क्रांति यादव ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के हाथों गैस सिलेंडर प्राप्त कर प्रसन्नता जताई। उन्होंने बताया कि पहले रसोई में धुएं के कारण आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी होती थी, लेकिन अब गैस कनेक्शन मिलने से वे स्वच्छ वातावरण में भोजन बना सकेंगी।
इसी तरह ग्राम मड़िया की फूलमती नगेसिया ने कहा कि वे अब तक लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाती थीं, जिससे घर का वातावरण धुएं से भर जाता था। निःशुल्क गैस कनेक्शन मिलने से अब खाना जल्दी और साफ-सुथरे तरीके से तैयार हो सकेगा।
स्वास्थ्य, समय और पर्यावरण को लाभ
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से महिलाओं के स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है, साथ ही समय और श्रम की भी बचत हो रही है। इससे पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिल रहा है। राज्य सरकार द्वारा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से जिले की महिलाओं के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है। यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों में महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

