रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में इन दिनों कई मुद्दों को लेकर हलचल तेज है। राज्यसभा चुनाव, दुर्ग में भाजपा नेता के खेत में अफीम की खेती और होली के दौरान शराब की रिकॉर्ड बिक्री जैसे मुद्दों पर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।
इन सभी मामलों पर पूर्व मंत्री और कुरुद विधायक अजय चंद्राकर ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने होली के दौरान हुई शराब की ताबड़तोड़ बिक्री को धान बोनस के भुगतान से जोड़ते हुए सरकार पर तंज कसा है।
“लोग शराब पी गए तो सरकार क्या करेगी?”
मीडिया से बातचीत में अजय चंद्राकर ने कहा कि सरकार ने किसानों को धान बोनस होली से पहले ही दे दिया, जिसका असर बाजार में दिखाई दिया।
उन्होंने कहा,
“अब लोग शराब पी गए तो सरकार क्या करेगी? सरकार को किसानों को बोनस होली के बाद देना था।”
बता दें कि प्रदेश की साय सरकार ने कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को धान बोनस का भुगतान किया है।
होली पर 58 करोड़ से ज्यादा की शराब बिक्री
आबकारी विभाग के आंकड़ों के मुताबिक होली के दौरान प्रदेश में करीब 58 करोड़ रुपये से अधिक की शराब बिक्री हुई, जो पिछले साल की तुलना में लगभग 91 लाख रुपये ज्यादा है।
भाजपा नेता के खेत में अफीम की खेती पर भी बोले
दुर्ग जिले में भाजपा नेता के खेत में अफीम की खेती पकड़े जाने के मामले पर भी अजय चंद्राकर ने प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने कहा कि इस मामले की जानकारी उन्होंने भी समाचार पत्रों से प्राप्त की है।
चंद्राकर ने कहा,
“जो गलत है, वह गलत है। इसमें कांग्रेस-भाजपा नहीं देखना चाहिए।”
गौरतलब है कि दुर्ग जिले के समोदा गांव में भाजपा नेता विनायक ताम्रकार के खेत में अफीम की खेती पकड़ी गई है। बताया जा रहा है कि करीब 7 एकड़ में मक्के की फसल के बीच अफीम उगाई जा रही थी।
राज्यसभा चुनाव पर कांग्रेस पर कटाक्ष
राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस द्वारा घोषित उम्मीदवार फूलो देवी नेताम पर भी अजय चंद्राकर ने टिप्पणी की।
उन्होंने कहा कि इससे पहले कांग्रेस जिन उम्मीदवारों को राज्यसभा भेजती रही है, उन्हें कांग्रेस के कई नेता भी पहचानते नहीं थे।
चंद्राकर ने तंज कसते हुए कहा कि
“कम से कम फूलो देवी नेताम को कांग्रेसी पहचानते तो हैं।”

