दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अवैध अफीम खेती का बड़ा मामला सामने आया है। जिले के जेवरा सिरसा पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम समोदा में करीब डेढ़ से 7 एकड़ जमीन पर अफीम की खेती किए जाने की जानकारी मिली है। यह खेती शिवनाथ नदी के किनारे स्थित जमीन पर की जा रही थी।
मामले में भाजपा नेता विनायक ताम्रकार और बृजेश ताम्रकार को पुलिस ने हिरासत में लिया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
कलेक्टर भी पहुंचे मौके पर
मामले की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह भी मौके पर पहुंचे और अफीम के पौधों का निरीक्षण किया।
इस दौरान पुलिस और प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने अफीम के पौधों की गिनती शुरू कर दी है और राजस्व विभाग की टीम जमीन का माप कर रही है।
ड्रोन से किया जा रहा आसपास का सर्वे
प्रशासन ने ड्रोन की मदद से आसपास के क्षेत्रों का सर्वे शुरू किया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं और भी अवैध अफीम की खेती तो नहीं की जा रही।
जांच के लिए नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की दो सदस्यीय टीम भी मौके पर पहुंची है। टीम द्वारा पौधों के सैंपल और जमीन से जुड़े दस्तावेज जुटाए जा रहे हैं।
लंबे समय से चल रही थी अवैध खेती
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इस जमीन पर लंबे समय से अफीम की अवैध खेती की जा रही थी।
अधिकारियों का कहना है कि पूरे क्षेत्र का रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है ताकि आगे की कार्रवाई में कोई चूक न हो। साथ ही इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
प्रशासन की सख्त चेतावनी
प्रशासन और पुलिस ने स्पष्ट कहा है कि अवैध अफीम खेती में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
जांच पूरी होने के बाद मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और जिले में अवैध खेती पर निगरानी भी बढ़ाई जाएगी।

